नवादा : जिले में बुधवार की शाम से शुरू हुई बारिश गुरुवार की सुबह से लगातार जारी है। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, लेकिन शहर की कई प्रमुख सड़कों पर जलजमाव और कीचड़ की समस्या उत्पन्न हो गयी। लगातार बारिश के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। नगर की मुख्य सड़कों पर पानी जमा होने से पैदल राहगीरों के साथ बाइक चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शहर के मेन रोड, स्टेशन रोड और विजय बाजार समेत कई इलाकों में बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो गया। कई जगहों पर सड़क किनारे कीचड़ फैल जाने से राहगीरों को संभलकर चलना पड़ रहा है।दोपहिया वाहन चालकों को पानी और कीचड़ के बीच से गुजरने में परेशानी हुई। कुछ स्थानों पर वाहनों के गुजरने के दौरान सड़क पर जमा पानी राहगीरों के कपड़ों पर पड़ने से कपड़े गंदे हो रहे हैं।
किसानों ने इस बारिश को फसल के लिए लाभकारी बताया है। किसानों का कहना है कि इस समय हुई बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी और खरीफ फसलों को फायदा होगा। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आयी है।
दूसरी ओर, शहर में जलजमाव की स्थिति ने नगर परिषद की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं। लोगों का कहना है कि नगर परिषद की ओर से जलनिकासी और नालों की सफाई को लेकर लगातार दावे किये जाते हैं, लेकिन थोड़ी सी बारिश के बाद ही कई सड़कों पर पानी और कीचड़ जमा हो जाता है इससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। लोगों ने जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

भईया जी की रिपोर्ट
