जमुई में रात के समय युवक के साथ स्कूटी से जा रही एक युवती को कुछ लोगों द्वारा रास्ते में रोक कर बदतमीजी तथा छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें यह दिख रहा है कि युवती हाथ जोड़कर वहां मौजूद लोगों से उन्हें जाने देने की अपील कर रही है, और लोग उससे बदतमीजी कर रहे हैं। घटना जमुई टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा गांव की बताई जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बाइक पर सवार युवक और युवती को कुछ लोग रास्ते में रोक लेते हैं। इसके बाद दोनों को घेर लिया जाता है और युवती के साथ अभद्र व्यवहार करने लगते हैं।

वीडियो में युवती वहां मौजूद लोगों से हाथ जोड़कर उन्हें जाने देने की अपील करती नजर आ रही है। युवती को यह कहते हुए सुनाई देती है कि—’जाने दीजिए। अब कभी नहीं आएंगे’। इस दौरान आसपास कई अन्य लोग भी दिखाई दे रहे हैं।वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद चर्चा में आ गया। युवती की ओर से बार-बार वहां से जाने देने की गुहार लगाए जाने को लेकर भी लोग सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। घटना के पीछे की पूरी वजह और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की पुष्टि अभी नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में रिकार्ड घटना करीब दो दिन पहले वाले शाम का है।
इधर घटना को लेकर किसी पक्ष की ओर से पुलिस को शिकायत नहीं दी गयी थी जिसके बाद सोशल मीडिया पर उपलब्ध सामग्री के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। बताया जाता है कि अनुसंधान के दौरान पुलिस ने पीड़ित युवक-युवती की पहचान कर ली है और उनसे जानकारी ली जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। पुलिस ने यह भी बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर ली गयी है और उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इधर विपक्षी दल राजद ने इस घटना को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने बिहार सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की घटना सामने आना चिंता की बात है। उन्होंने कहा कि सम्राट सरकार में बिहार के हालात क्या हो गए हैं, यह घटना उसका उदाहरण है।
