नवादा : जिले के के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बनिया बिगहा गांव निवासी वीरेंद्र साव के पुत्र दीनानाथ कुमार साव साइबर ठगी के शिकार हो गये। साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से 47,061 रुपये की अवैध निकासी कर ली। घटना के बाद पीड़ित ने थाना में आवेदन देकर मामले की शिकायत की है। पीड़ित दीनानाथ कुमार साव ने बताया कि शुक्रवार की रात उनके मोबाइल पर प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित एक लिंक आया। लिंक के साथ भेजे गये संदेश में लिखा था कि उनका नाम आवास सूची में आया हुआ है।
सूची में अपना नाम देखने के लिए लिंक खोलकर जांच करने को कहा गया। पीड़ित ने बताया कि विश्वास में आकर जैसे ही उन्होंने लिंक खोला, इसके बाद उनके बैंक खाते से लगातार राशि की निकासी शुरू हो गयी। मोबाइल पर एक के बाद एक राशि निकासी के संदेश आने के बाद उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ।
पीड़ित के अनुसार, शुक्रवार की रात करीब 12:40 बजे से 12:55 बजे के बीच उनके इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक खाते से पांच अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 47,061 रुपये निकाल लिये गये। लगातार निकासी के मैसेज आने के बाद उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी और गोविंदपुर थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी। ड्यूटी पर तैनात एएसआई रामबली प्रसाद ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर थाना में सन्हा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस निकासी से संबंधित लेनदेन की जानकारी जुटा रही है।
लगातार बढ़ रहे साइबर अपराध को देखते हुए लोगों से अपील की गयी है कि मोबाइल पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक को बिना जांच-पड़ताल के न खोलें। सरकारी योजना, बैंक, केवाईसी, पुरस्कार या किसी अन्य लाभ के नाम पर भेजे गये संदिग्ध लिंक पर बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या अन्य निजी जानकारी साझा नहीं करें। साइबर ठगी से बचने के लिए किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है।
भईया जी की रिपोर्ट