नालंदा के बिहारशरीफ स्मार्ट वॉच टावर के निकट एक मॉल में आयोजित कार्यक्रम में पहुंची भोजपुरी फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री काजल राघवानी को देखने पहुंची भीड़ के अचानक उग्र हो जाने की खबर है। जानकारी के अनुसार एक गोल्ड शोरूम के उद्घाटन कार्यक्रम में आईं भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी पर भीड़ ने पत्थरबाजी कर दी। बताया जा रहा है कि एक ज्वेलर्स दुकान के उद्घाटन समारोह में अभिनेत्री पहुंची थीं और इस दौरान वहां उन्हें देखने और उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए थे। कुछ देर बाद भीड़ में फोटो खिंचवाने को लेकर आपाधापी की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ने पर काजल राघवानी को वहां से निकालने की कोशिश की गई, लेकिन इसी दौरान उनकी गाड़ी पर पत्थराव हो गया।
पथराव में अभिनेत्री की गाड़ी का शीशा टूट गया। दरअसल, बड़ी संख्या में दर्शक उनके करीब आने की कोशिश करने लगे और उनके साथ फोटो और सेल्फी लेने के लिए आगे बढ़े। इसी दौरान भीड़ में धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। आयोजकों और सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन भीड़ पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी। इसके बाद अभिनेत्री को वहां से सुरक्षित निकालने की कोशिश की गई। लेकिन निकलते वक्त गाड़ी पर लोगों ने पत्थराव कर दिया। बताया जाता है कि जैसे ही काजल राघवानी को कार्यक्रम स्थल से निकालकर उनकी गाड़ी में बैठाया गया, उसी दौरान भीड़ की तरफ से उनकी गाड़ी पर पत्थर फेंके जाने लगे।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद लहेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों और आयोजकों से जानकारी ली। लहेरी थानाध्यक्ष के मुताबिक कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रशासनिक स्तर से अनुमति नहीं ली गई थी। पुलिस के अनुसार आयोजक को नोटिस जारी किया जा रहा है। नोटिस के जरिए उससे पूछा जाएगा कि आखिर किस परिस्थिति में बिना अनुमति कार्यक्रम आयोजित कराया गया। पुलिस अब कार्यक्रम के दौरान हुई अव्यवस्था और अभिनेत्री की गाड़ी पर पथराव की घटना को लेकर भी जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि भीड़ में पत्थर किसने फेंके।