JDU के मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के एमएलसी कैंडिडेट नीरज कुमार को खुला चैलेंज दे दिया है। अनंत ने कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो मेरे साथ 20 करोड़ रुपए रख दें। अगर जीत गए तो वे अपना 20 करोड़ और मेरा 20 करोड़ यानी पूरा 40 करोड़ ले लें। अनंत ने ताल ठोक कर कहा कि नीरज को हराने के लिए वे कुछ भी करेंगे। अनंत सिंह ने नीजर के खिलाफ लगातार हमलावर बयानों से बिहार की सियासत गरमा गई है। अनंत ने 20 करोड़ की शर्त के साथ ही नीरज कुमार को हनुमान मंदिर जाकर वहां उनसे डिबेट करने की चुनौती भी दी। वे यहीं नहीं रुके और नीरज कुमार से AK-47 केस का पुराना हिसाब भी सामने रख दिया।

यही नहीं, अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ चुनाव लड़ रहे अपने करीबी अनुज सिंह के समर्थन का भी ऐलान किया और कहा कि जरूरत पड़ने पर वे उन्हें जिताने के लिए जमकर प्रचार भी करेंगे। उन्होंने नीरज कुमार पर पुराने AK-47 मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए 20 करोड़ रुपये की शर्त लगाने की चुनौती दी। इसके बाद अनंत ने हनुमान मंदिर के पास आमने-सामने डिबेट का प्रस्ताव तक नीरज कुमार को दे डाला। अनंत सिंह ने साफ कि वह जेडीयू के खिलाफ नहीं हैं। लेकिन नीरज कुमार के पूरी तरह खिलाफ हैं। अनंत ने तर्क दिया कि विधान परिषद का यह चुनाव विधानसभा चुनाव की तरह पार्टी के चुनाव चिह्न पर नहीं होता। ऐसे में वे इसी आधार पर वह नीरज के खिलाफ अपने उम्मीदवार को समर्थन देने को पार्टी विरोधी कदम नहीं मानते।
अनंत सिंह ने चुनाव के दौरान अपने समर्थकों से 26 विधानसभा क्षेत्रों में अनुज के समर्थन में घुमने का भी आह्वान किया। अनंत ने कहा कि नीरज कुमार को हराने के लिए वह कुछ भी करेंगे। इसके बाद यह दावा भी किया कि नीरज कुमार को इस चुनाव में अपनी जमानत बचना भी मुश्किल होगा। विदित हो कि पिछले कुछ दिनों से जेडीयू में उंचे स्तर पर दोनों नेताओं के बीच सुलह कराने की कोशिश की गई थी। लेकिन अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच का विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। नीरज कुमार ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर अनंत सिंह के पास उनके खिलाफ कोई प्रमाण है तो वह अदालत जाएं।
