नवादा : जिले में परंपरागत लोकगीतों के साथ राष्ट्रभक्ति गीतों की समूह गान प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। भारत विकास परिषद की ओर से दो अक्टूबर को अहिबरण पैलेस में जिला स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन होगा। प्रतियोगिता में जिले के सभी प्रखंडों के विद्यालयों से बालक-बालिकाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य है। परिषद सदस्य मनोज कुमार के आवास पर आयोजित बैठक में सदस्यों ने आयोजन को लेकर सामूहिक रूप से विचार-विमर्श किया। जिला स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया।
परिषद के जिलाध्यक्ष मुन्ना प्रसाद ने बताया कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता में नवादा जनपद से मंजे हुए प्रतिनिधि भेजे जायेंगे, जो जिले की लोक संस्कृति का डंका बजायेंगे। सचिव राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य जिलेभर के युवाओं में टीम वर्क, समन्वय और सामूहिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। कोषाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से आये प्रतिभागियों के बीच सामाजिक सामंजस्य और राष्ट्रप्रेम की भावना को बढ़ावा मिलेगा।
भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभागी हिंदी और संस्कृत भाषाओं में गीत गायन करेंगे। परिषद के पदाधिकारी रामचंद्र सोनी ने बताया कि इससे हमारी परंपरा को बढ़ावा मिलेगा और यही प्रतियोगिता का उद्देश्य है। भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि भारत विकास परिषद भारत की गौरवशाली परंपरा और संस्कृति को बढ़ावा देने में जुटा है। यह प्रेरणादायक कार्य है।
उन्होंने 14 प्रखंडों के विद्यालयों और युवाओं तक प्रतियोगिता के उद्देश्य को पहुंचाते हुए अधिक से अधिक सहभागिता बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। बैठक में शिक्षाविद् आरपी साहू, तुलसी दयाल, चिकित्सक समाजसेवी डॉ. मनोज कुमार बरनवाल, अभय कुमार श्रीवास्तव, अरविंद कुमार गुप्ता, भोला प्रसाद, संदीप कुमार चुन्नू, डॉ. सुनील कुमार, गोपाल प्रसाद, नित्यानंद प्रसाद, नवीन कुमार, सतीश कुमार, शैलेश कुमार समेत कई प्रबुद्धजन उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट