बख्तियारपुर का नाम बदलने की डिमांड के बाद अब नीतीश कुमार द्वारा खड़ी की गई पार्टी JDU का नाम बदलने की मांग उठ गई है। यह मांग किसी और ने नहीं, बल्कि नीतीश के खासमखास और JDU के कद्दावर नेता संजय झा ने खुद की है।जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद संजय झा ने अपनी पार्टी के नेताओं से दल का नाम बदलने की अपील की है। खगड़िया में एक सभा को संबोधित करते हुए संजय झा ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से खुलेआम मंच से यह आग्रह किया कि अब जनता दल यूनाइटेड का नाम बदलकर ‘जनता दल नीतीश’ कर देना चाहिए। संजय झा खगड़िया में आयोजित ‘नतीश संवाद’ कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे और वहां उन्होंने अपने संबोधन के दौरान यह प्रस्ताव रखा।

संजय झा ने कहा कि जेडीयू को अब जनता दल नीतीश के नाम से जाना जाना चाहिए। इसी कार्यक्रम में भाग ले रहे जदयू के प्रदेश अध्यक्ष से संजय झा ने यह अपील एक आग्रह के तौर पर कही। संजय झा के इस बयान के बाद बिहार की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है। संजय झा ने अपने भाषण में कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास और पार्टी के उत्थान के लिए अपना जीवन लगा दिया। उन्होंने पूरे मनोयोग के साथ यह काम किया है। ऐसे में उनके काम और योगदान को सम्मान देने के लिए जनता दल यू का नाम बदलकर जनदा दल नीतीश् कर देना चाहिए। जदयू प्रदेश अध्यक्ष की ओर मुखातिब होकर उन्होंने कहा कि अब पार्टी का नाम जनता दल नीतीश कर देना ही समय की मांग है।
दरअसल बिहार में पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के सबसे बड़े नेता नीतीश कुमार के नाम पर बख्तियारपुर का नाम बदलकर नीतीशपुर करने की मांग मंत्री और हम नेता संतोष सुमन द्वारा की जा चुकी है। इसको लेकर पहले से चर्चा चल रही है।मंत्री संतोष सुमन ने अभी कल ही बख्तियारपुर का नाम नीतीशपुर करने की मांग उठाई थी। इसी बीच संजय झा का पार्टी के नाम को लेकर दिया गया बयान राजनीतिक तौर पर खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खगड़िया में सभा के दौरान संजय झा ने नीतीश कुमार के योगदान का जिक्र करते हुए पार्टी के नाम में भी उनका नाम जोड़ने की बात कही। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष से आग्रह किया कि जनता दल यूनाइटेड का नाम अब जनता दल नीतीश किया जाना चाहिए।
