– 73 हजार नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य, अब तक 62,952 आवेदन पोर्टल पर अपलोड
नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता मे कार्यालय प्रकोष्ठ में आपूर्ति शाखा की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राशन कार्ड निर्माण एवं वितरण, लंबित आवेदनों के निष्पादन तथा लाभुकों के ई-केवाईसी की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने नए राशन कार्ड के निर्माण एवं लंबित आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री रंजीत कुमार ने बताया कि जिले में कुल 73,000 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके विरुद्ध अब तक 62,952 राशन कार्ड के आवेदन पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं।जिला पदाधिकारी ने शेष लक्षित राशन कार्डों के निर्माण एवं उनके आवेदन पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य को ससमय शत-प्रतिशत पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि जिले में लगभग 47,000 आवेदकों का ई-केवाईसी लंबित है। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित लाभुकों से अपील की कि वे अपने नजदीकी किसी भी जन वितरण प्रणाली दुकान पर जाकर स्वयं तथा अपने परिवार के सभी सदस्यों का ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूर्ण कराएं। ई-केवाईसी को लेकर जिला पदाधिकारी ने प्रभारी जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी को माइकिंग एवं अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया, ताकि सभी पात्र लाभुकों को इसकी जानकारी मिल सके और कोई भी पात्र लाभुक ई-केवाईसी से वंचित न रहे।
उन्होंने जिला कल्याण पदाधिकारी को विकास मित्रों के माध्यम से महादलित टोलों में व्यापक जागरूकता एवं मोबिलाइजेशन अभियान चलाकर लंबित ई-केवाईसी को पूर्ण कराने का निर्देश दिया। वहीं, डीपीएम, जीविका को जीविका दीदियों के माध्यम से लाभुकों को जागरूक एवं प्रेरित करते हुए शत-प्रतिशत ई-केवाईसी का लक्ष्य प्राप्त करने को कहा। जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत पात्र लाभुकों का राशन कार्ड निर्माण सुनिश्चित करें तथा लंबित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन करें। बैठक में सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट