पश्चिम चंपारण के बेतिया में बेखौफ अपराधियों ने एक स्वर्ण कारोबारी को गोली मार दी। बताया जाता है कि कारोबारी गोविंद साह अपनी दुकान बंद कर देर रात अपने घऱ लौट रहा था तभी अपराधियों ने उसे घेर कर गोली मारी। कारोबारी के सीने में गोली लगी है और उसकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद घायल व्यवसायी को इलाज के लिए GMCH, बेतिया में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से जख्मी व्यवसायी की पहचान सिरिसिया थाना क्षेत्र के गरभुआ गांव निवासी गोविंदा साह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार ज्वेलर गोविंदा साह मनुआपुल स्थित अपनी सोने-चांदी की दुकान बंद कर सोमवार की देर रात बाइक से अपने घर गरभुआ लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उसे निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली सीधे उसके सीने में लगी, और वह सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के वक्त गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी वहां पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल गोविंदा साह को तत्काल GMCH, बेतिया पहुंचाया गया। फिलहाल, घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू करते हुए घटनास्थल के आसपास छानबीन करने के साथ ही अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालना शुरू कर दिया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि व्यवसायी को गोली किस वजह से मारी गई और वारदात में कितने अपराधी शामिल थे। गोली मारने के पीछे कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पुरानी रंजिश, लूट की कोशिश और अन्य आपराधिक कारणों समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की गई है।