पटना : पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कहने के बाद से बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। लेकिन, इस पर अंकुश लगाना सरकार और पुलिस-प्रशासन के लिए मील का पत्थर साबित हो रहा है। इसी कड़ी में अब जहरीली शराब से चार लोगों की मौत मामले को लेकर बिहार की सियासत गरमाई हुई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने जांच के बाद खुलासे की बात कही है।
जानकार के अनुसार, बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में कथित तौर पर शराब पीने के बाद चार युवकों की तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि यह पहली घटना नहीं है, जब जहरीली शराब से लोगों की मौत हुई हो। प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं।
बिहार सरकार में मंत्री विजय सिन्हा मृतकों के परिजनों से मिलने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि लोग बता रहे हैं कि शराब सेवन से सभी की मौत हुई है, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम के बाद ही हो सकेगी। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा। वहीँ, उन्होंने मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता दिए जाने की भी बात कही। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
