जन सुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बने प्रशांत किशोर ने उन्हें आवंटित सरकारी विधायक आवास में अपनी पार्टी का ‘जन सेवा केंद्र’ शुरू कर दिया है। अपने आवास का नाम उन्होंने ‘बांकीपुर जन सेवा केंद्र’ ही रखा है। जानकारी के अनुसार प्रशांत किशोर खुद अपने इस सरकारी आवास में नहीं रहेंगे। बल्कि यहां से वे आम जनता की समस्याओं का समाधान और युवाओं को रोजगार मुहैया कराने का अभियान चलायेंगे। अपने पहले ऐलान में उन्होंने बांकीपुर क्षेत्र के 10 हजार युवाओं को रोजगार देने की घोषणा की है और अब इसी जन सेवा केंद्र के माध्यम से ये युवाओं को रोजगार देंगे।
बांकीपुर सीट से जन सुराज पार्टी के पहले विधायक बने प्रशांत किशोर ने पटना के वीरचंद पटेल पथ स्थित अपने सरकारी आवास का नाम ‘जन सेवा केंद्र’ रखा है। पीके ने कहा कि वे इस आवास का उपयोग अपने व्यक्तिगत निवास के रूप में नहीं करेंगे। उन्होंने इस घर का नामकरण ‘बांकीपुर जन सेवा केंद्र’ किया है। बताया जाता है कि प्रशांत किशोर खुद पटना में ही नवनिर्मित अपने आश्रम में रहेंगे। जबकि उनका यह जन सेवा केंद्र बांकीपुर क्षेत्र के आम लोगों की समस्याओं को सुनने और उनका सीधा समाधान निकालने के लिए कार्यालय के रूप में काम करेगा। उनका उद्देश्य इस केंद्र को आधार बनाकर जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का है।
बीते दिन पूजा-पाठ के बाद बांकीपुर जन सेवा केंद्र की औपचारिक शुरुआत की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में जनसुराज पार्टी के नेता और कार्यकर्ता वहां उपस्थित थे। पूजा के बाद प्रशांत किशोर ने मीडिया से बात करते हुए उम्मीद जताई कि इस केंद्र के जरिए बांकीपुर के जरूरतमंद लोगों को उनकी पार्टी की तरफ से त्वरित मदद दी जा सकेगी। उन्होंने कहा कि इस कार्यालय में आम जनता सीधे आकर अपनी शिकायतें और सुझाव उन्हें दे सकती है। प्रशांत किशोर ने इस जन सेवा केंद्र के माध्यम से बांकीपुर के 10,000 बेरोजगार युवाओं को नौकरी और रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा उन्होंने पटना में अवस्थित निजी स्कूलों की बढ़ती फीस पर नियंत्रण के प्रयास शुरू करने की भी बात कही है ताकि पटना के अभिभावकों को बढ़ती महंगाई के बीच अपने बच्चों की शिक्षा में राहत मिल सके।