समस्तीपुर में बीती रात एक पति की करतूत देखकर हर कोई हैरान रह गया। जिले के हलई थाना क्षेत्र के चकलालशाही गांव में देर रात घरेलू विवाद के बाद पति ने अपनी नवजात बेटी की छठी के दिन ही उसकी मां यानी अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगते ही महिला गिर पड़ी। इसके बाद उसे उसका भाई बाइक से समस्तीपुर सदर अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पति की इस करतूत ने बैटी पैदा होने और उसके छठियार की खुशियों को मातम में बदल दिया तथा परिवार में रोना—पीटना मच गया।
जानकारी के अनुसार चकलालशाही गांव के रहने वाले सूरज साहनी के घर दो बेटों के बाद बेटी का जन्म हुआ था। इससे परिवार में खुशियों का माहौल था। बीती रात नवजात बेटी की छठी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पति ने अपनी पत्नी मंजुला देवी को गुस्से में आकर गोली मार दी और फरार हो गया। गोली चलने की आवाज और महिला के घायल होने की खबर मिलते ही घर में अफरातफरी मच गई। गंभीर हालत में मंजुला देवी के भाई ने उन्हें तत्काल बाइक से समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया। परिजनों को उम्मीद थी कि इलाज से उनकी जान बच जाएगी, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गया।
मृतका मंजुला देवी के मायका वालों ने उसके पति पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से फरार की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि पति-पत्नी के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था और गोली चलाने की घटना किन परिस्थितियों में हुई। बुधवार सुबह घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
