आर्थिक अपराध इकाई EOU ने आज भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार ओपन स्कूल और परीक्षा बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार सिंह के पटना और बेगूसराय स्थित तीन ठिकानों पर एक साथ रेड मारी। अजय कुमार सिंह पर आय से 3 करोड़ 43 लाख 78 हजार 300 रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। EOU के मुताबिक यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से करीब 90.04 फीसदी ज्यादा है। जानकारी के अनुसार छापेमारी की यह कार्रवाई विशेष न्यायालय अदालत से उनके खिलाफ मिले तलाशी वारंट के आधार पर की गई।

बताया जाता है कि EOU की अलग-अलग टीमों ने एक साथ तीन जगहों पर धावा बोला। इनमें पटना स्थित अजय कुमार सिंह का कार्यालय और आवास के अलावा बेगूसराय स्थित उनका पैतृक मकान शामिल है। ईओयू की तरफ से बताया गया कि विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त जानकारी का सत्यापन करने के बाद यह रेड की गई है। बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड के उप निदेशक अजय कुमार सिंह के विरूद्ध ज्ञात आय से अधिक सम्पति का मामला दर्ज किया गया है। विशेष न्यायालय से अनुमति लेने के बाद रेड शुरू की गई। पुलिस ने बताया कि पटना से तलाशी अधिपत्र प्राप्त करते हुए उनके तीन अलग-अलग ठिकानों पर पुलिस उपाधीक्षक कोटि के पदाधिकारियों के नेतृत्व में तलाशी की कार्रवाई की जा रही है।
तीन ठिकानों पर हुई रेड
- पटना के चन्द्रतारा भवन बी.भी. कॉलेज, आकाशवाणी रोड, खाजपुरा (थाना-राजीव नगर)
- बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड मिठापुर, पटना स्थित अभियुक्त का कार्यालय कक्ष
- ग्राम परोरा, पोस्ट-सहना, थाना-साहेबपुर कमाल, जिला-बेगुसराय स्थित पैतृक मकान
ईओयू ने बताया कि अजय कुमार सिंह के विरूद्ध सत्यापन के क्रम में कुल तीन करोड़ तैतालीस लाख अठहतर हजार तीन सौ रूपये आय से अधिक सम्पति अर्जन करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य पाया गया है। यह उनकी ज्ञात आय से लगभग 90.04% अधिक है।” पुलिस टीम की तरफ से कहा गया है कि रेड पूरी होने के बाद कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। फिलहाल रेड का वीडियो सामने आया है, जिसमें दो पुलिसकर्मी घर के बाहर खड़े नजर आ रहे हैं। वीडियो में आरोपी अधिकारी का आलीशान मकान देखा जा सकता है, जिसमें रेड के समय घर के बाहर 5 दोपहिया वाहन खड़े देखे जा सकते हैं। जांच एजेंसी अब उनके ठिकानों पर दस्तावेज, संपत्ति और दूसरे जरूरी रिकॉर्ड खंगाल रही है। तलाशी के दौरान क्या-क्या दस्तावेज, संपत्ति से संबंधित कागजात या अन्य सामान बरामद हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी कार्रवाई पूरी होने के बाद जारी की जाएगी।
