अरवल -बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के प्रस्तावित परीक्षा भवन के निर्माण हेतु भूमि चयन को लेकर जिला पदाधिकारी ने किया राजकीय डिग्री कॉलेज बेलखरा, करपी का निरीक्षण। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा अरवल जिले में प्रस्तावित बज्रगृह-सह-परीक्षा भवन के निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि के चयन को लेकर जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस द्वारा राजकीय डिग्री कॉलेज, बेलखरा, करपी का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान जिला पदाधिकारी ने महाविद्यालय परिसर में उपलब्ध भूमि, भवन निर्माण की संभावनाओं, परिसर की उपयुक्तता एवं अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रस्तावित बजगृह-सह-परीक्षा भवन का उद्देश्य विभिन्न प्रतियोगी एवं बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित गोपनीय सामग्री के सुरक्षित भंडारण एवं रख-रखाव के साथ-साथ परीक्षाओं के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए एक स्थायी एवं समर्पित परिसर उपलब्ध कराना है। वर्तमान में विभिन्न परीक्षाओं के आयोजन के लिए विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के भवनों का उपयोग किया जाता है।
इसके अतिरिक्त विभिन्न चुनावों के दौरान भी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में स्ट्रांग रूम, मतदान सामग्री के भंडारण तथा अन्य निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं के लिए परिसर का उपयोग किया जाता है। इससे कई अवसरों पर नियमित पठन-पाठन की गतिविधियां प्रभावित होती हैं। जिला पदाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान कहा कि परीक्षा एवं निर्वाचन संबंधी गतिविधियों के लिए अलग और समर्पित परिसर उपलब्ध होने से विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पठन-पाठन का कार्य निर्बाध रूप से संचालित किया जा सकेगा। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की समस्या कम होगी तथा परीक्षा एवं निर्वाचन कार्यों के संचालन में समय एवं संसाधनों की भी बचत सुनिश्चित होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रस्तावित भवन को केवल परीक्षा एवं गोपनीय सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव तक सीमित न रखते हुए आवश्यकता के अनुरूप मल्टीपर्पस हॉल के रूप में विकसित किया जा सकता है। जब भवन का उपयोग परीक्षा अथवा अन्य निर्धारित कार्यों के लिए नहीं हो रहा हो, तब संबंधित विद्यालय / महाविद्यालय द्वारा इसका उपयोग शैक्षणिक, सह-पाठ्यक्रम एवं अतिरिक्त पाठ्यक्रम गतिविधियों, प्रशिक्षण, कार्यशाला, सेमिनार, जागरूकता कार्यक्रम तथा अन्य सामुदायिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के आयोजन के लिए किया जा सकेगा।
इस प्रकार प्रस्तावित बजगृह-सह-परीक्षा भवन जिले में परीक्षा संचालन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ शैक्षणिक संस्थानों में पठन-पाठन की निरंतरता बनाए रखने तथा उपलब्ध संसाधनों के बहुउद्देशीय उपयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, डीपीओ (शिक्षा), विशेष कार्य पदाधिकारी ऋषिकेश तिवारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं कर्मी उपस्थित रहे। संबंधित पदाधिकारियों द्वारा प्रस्तावित स्थल के संबंध में आवश्यक जानकारी जिला पदाधिकारी को उपलब्ध कराई गई।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट