केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने बिहार को बड़ा तोहफा दिया है। अब बिहार में मरीज महज 2 रुपये में अपना इलाज करा सकेंगे। गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए केंद्र और बिहार सरकार ने मिलकर राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत राज्य में 598 नए शहरी स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की घोषणा की है। इसके तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भारत सरकार ने कुल 164 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और 434 शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों को हरी झंडी दे दी है। इन स्वास्थ्य केंद्रों के ओपीडी में मात्र 2 रुपए के सुविधा शुल्क पर शहरी गरीबों को इलाज मिलेगा। इससे शहरी इलाकों में रहने वाले लोगों और खासकर झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को काफी सहूलियत होगी।
इन नए शहरी स्वास्थ्य केंद्रों की ओपीडी में मरीजों को केवल 2 रुपए का रजिस्ट्रेशन पर्चा बनवाना होगा। इसके बाद यहां मरीजों को सभी चिकित्सकीय सेवाएं पूरी तरह मुफ्त दी जाएंगी। इन केंद्रों पर ओपीडी सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक खुली रहेगी। वहीं शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित किया जाएगा। राजधानी पटना के लिए यह भी कहा गया कि सरकार की विशेष पहल के तहत यहां संचालित 11 जन सेवा केंद्रों को अब शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के रूप में बदला जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए केंद्र सरकार ने इन 11 केंद्रों के संचालन की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे राजधानी के शहरी गरीबों को सीधा लाभ मिलेगा।