आरा : राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बिहियां में मंगलवार को नए अकादमिक सत्र (२०२६-२७/२८) की शुरुआत हुई। संस्थान में छात्रों के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसके लिए प्रख्यात मनोचिकित्सक डॉ. बिंदा सिंह को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। डॉ. बिंदा सिंह ने बच्चों को स्ट्रेस मैनेजमेंट, वेलनेस एवं छात्र जीवन में उत्पन्न परेशानियों एवं निराकरण पर वक्तव्य दिया।
डॉ. सिंह ने कहा कि विद्यार्थी का परिश्रम तब ही सार्थक परिणाम देता है, जब उसका मन स्थिर हो और चित्त शांत हो। कई बार प्रतिभाशाली विद्यार्थी भी मानसिक दबाव में अपने कौशल का प्रदर्शन नहीं कर पाता है। इसलिए पाठ्यक्रम पूरा कराने के साथ—साथ उनके मानसिक स्वास्थ्य की भी चिंता होनी चाहिए। उन्होंने नए सत्र के विद्यार्थियों को सलाह दी कि पढ़ाई, परीक्षा या परिवार से संबंधी कोई बात अगर मन को परेशान कर रहा है, तो उसे अपने तक सीमित नहीं रखें, बल्कि तुरंत उसे शुभचिंतकों से साझा करें। एक प्रसिद्ध उक्ति है— बात करने से बात बनती है। इस सूत्र के साथ भी हम कई मानसिक परेशानियों का हल निकाल सकते हैं।
संस्थान की प्राचार्य सुगंधा ने बच्चों को आईटीआई के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही इस संस्थान में नामांकन होने पर उन्हें बधाई दी। छात्रों द्वारा ओरियंटेशन प्रोग्राम के समय मुख्य अतिथि से सवालों के माध्यम से बढ़—चढ़कर हिस्सा लिया। संस्थान के सभी ग्रुप अनुदेशक दयासिंधु कुमार एवं ठाकुर चंदन कुमार ने समारोह का सफलतापूर्वक आयोजन किया। छात्रों को अपने अनुदेशकों से परिचय कराया गया एवं नए सत्र से संबंधित सभी जानकारियां दी गईं। इस कार्यक्रम में संस्थान के सभी अनुदेशक एवं कर्मचारी संस्थान में उपस्थित थे।