अरवल – जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विकास एवं समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य पूर्व में आयोजित विकास एवं समन्वय समिति की बैठकों में उठाए गए महत्वपूर्ण बिंदुओं, दिए गए निर्देशों एवं निर्धारित कार्ययोजना के तहत किए गए कार्यों की समीक्षा करना तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए विकासात्मक कार्यों को गति प्रदान करना रहा।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित विकासात्मक योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई तथा लंबित कार्यों के शीघ्र निष्पादन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने वैसे विकासात्मक कार्यों की भी समीक्षा की, जिनके क्रियान्वयन के लिए सरकारी भूमि की आवश्यकता है। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण, सुधा आउटलेट के निर्माण, वृद्धाश्रम निर्माण सहित अन्य जनोपयोगी एवं विकासात्मक योजनाओं के लिए आवश्यक भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के लिए चिह्नित भूमि से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करते हुए संबंधित विभागों को भूमि उपलब्ध कराई जाए, ताकि भूमि के अभाव में किसी भी विकासात्मक योजना का कार्य बाधित न हो। साथ ही विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने वैसे आंगनबाड़ी केंद्रों को चिह्नित करने का निर्देश दिया, जहां अभी तक समुचित पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। उन्होंने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया कि ऐसे सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्राथमिकता के आधार पर पेयजल की सुविधा सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों एवं लाभार्थियों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जानी चाहिए।
बैठक में पंचायती राज विभाग द्वारा निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवनों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवनों का कार्य शीघ्र पूर्ण कराते हुए उन्हें जल्द से जल्द संचालित किया जाए। इस संबंध में एलएईओ एवं भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवनों के संचालन से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पंचायत स्तर पर विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि वैसे सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी, जिनका जीवन प्रमाणीकरण (Life Certificate) अभी तक नहीं हो सका है, उन्हें प्रखंडवार चिह्नित करने के लिए निर्देशित किया गया। उन्होंने सभी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे पेंशनधारियों का नजदीकी CSC सेंटर के माध्यम से जीवन प्रमाणीकरण शीघ्र कराया जाए। इसके लिए पेंशनधारियों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराने तथा विशेष अभियान के माध्यम से शत-प्रतिशत पात्र पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी पात्र लाभुक को पेंशन योजना का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाई न हो।
जिला पदाधिकारी ने सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में संचालित विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करें तथा योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता विकास योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करना तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सभी पदाधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें। बैठक में उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, अपर समाहर्ता रवि प्रसाद चौहान, अनुमंडल पदाधिकारी संजीव कुमार सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट