पटना के खगोल इलाके से 14 साल की एक लड़की अचानक दिनदहाड़े गायब हो गई। लापता लड़की केंद्रीय विद्यालय खगौल की 10वीं कक्षा की छात्रा है और उसका नाम सपना कुमारी बताया जाता है। छात्रा के स्कूल से निकलने के बाद घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने खोजबीन के बाद पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि खोजबीन के दौरान उन्हें सरारी गुमटी के पास रेलवे ट्रैक पर छात्रा का स्कूल ड्रेस और बैग मिला। लेकिन पुलिस लिखित शिकायत देने के बाद भी लापरवाह बनी रही और कोई कार्रवाई नहीं कर रही। इसके बाद परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए सड़क पर आगजनी कर सरारी-बिहटा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
स्कूल की छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंची
जानकारी के अनुसार, खगौल थाना क्षेत्र के लोको कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाले संजय कुमार की बेटी सपना कुमारी केंद्रीय विद्यालय खगौल में 10वीं कक्षा में पढ़ती है। सोमवार को स्कूल की छुट्टी करीब डेढ़ बजे हुई थी। परिजनों के मुताबिक, छुट्टी के बाद छात्रा घर के लिए निकली, लेकिन करीब दो बजे तक घर नहीं पहुंची। काफी देर तक छात्रा के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया। स्कूल की ओर से बताया गया कि छुट्टी के बाद छात्रा स्कूल से निकल गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में बने कई खंडहरनुमा क्वार्टरों में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। लोगों ने आशंका जताते हुए इन स्थानों की भी जांच कराने की मांग की है। छात्रा की तलाश में स्थानीय पुलिस के साथ रेल पुलिस भी जुटी हुई है।
थाने में दी गई सूचना, कार्रवाई में देरी
परिजनों ने शाम करीब चार बजे थाने में लिखित आवेदन देकर छात्रा के लापता होने की सूचना दी। इसी दौरान सरारी गुमटी के पास रेलवे ट्रैक पर छात्रा का स्कूल ड्रेस और बैग मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई। छात्रा के चाचा ने आरोप लगाया कि पुलिस को सूचना देने और लिखित आवेदन देने के बावजूद समय रहते छात्रा की तलाश शुरू नहीं की गई। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने सरारी गुमटी के समीप आगजनी कर सरारी-बिहटा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलने पर आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसके अलावा खगौल और शाहपुर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। सड़क जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। पुलिस छात्रा की तलाश में जुटी है। रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाकों में भी खोजबीन की जा रही है।