नवादा : नगर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी संभाल रहे सफाई ठेकेदारों की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। शहर के प्रमुख मेन रोड स्थित नारद: संग्रहालय के सामने सड़क किनारे खुलेआम कचरे का डंप लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। आश्चर्य की बात यह है कि जिस मार्ग को स्वच्छता के लिहाज से जीरो टॉलरेंस एरिया माना जाता है, वहीं इन दिनों गंदगी का अंबार लगा है।
इस मार्ग पर कई मॉल और कपड़ों के बड़े शोरूम स्थित हैं। ऐसे में सड़क किनारे फेंके गए कचरे और उससे उठती दुर्गंध के कारण दुकानदारों के साथ-साथ ग्राहकों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी ठेकेदारों को सौंपे जाने के बावजूद नियमित रूप से कचरे का उठाव नहीं हो रहा है। इससे दिन-ब-दिन स्थिति बिगड़ती जा रही है।
विडंबना यह है कि इसी रास्ते से डीएम, एसपी और नगर परिषद के अधिकारी प्रतिदिन गुजरते हैं। बावजूद सड़क किनारे पसरी गंदगी जिम्मेदार अधिकारियों की नजर में क्यों नहीं आ रही, यह सबसे बड़ा सवाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर कचरे का इस तरह खुले में पड़ा रहना शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से सड़क किनारे जमा कचरे को तत्काल हटाने, नियमित सफाई कराने और सफाई ठेकेदारों की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि शहर के प्रमुख और जीरो टॉलरेंस एरिया में ही कचरे का अंबार लगा रहेगा, तो शहर की सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। सवाल यह है कि जब जीरो टॉलरेंस एरिया ही कचरे से पटा है, तो शहर की सफाई व्यवस्था आखिर किसके भरोसे है?
भईया जी की रिपोर्ट