नवादा : जिले के काशीचक थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है।लीला बीघा गांव में शनिवार को नदी में डूबने से 11 वर्षीय बालक कुंदन कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मासूम की अचानक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार कुंदन घर से क्रिकेट खेलने निकला था, लेकिन वापस जिंदा नहीं लौटा। मृतक कुंदन कुमार, लीला बीघा गांव निवासी ग्राइंडर मांझी का सबसे छोटा बेटा था। परिवार के लोगों के मुताबिक वह रोज की तरह शनिवार को भी अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने की बात कहकर घर से निकला था। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी।
देर शाम तक नहीं लौटा तो शुरू हुई तलाश
परिजनों ने पहले उसके दोस्तों और आसपास के इलाकों में पूछताछ की, लेकिन कुंदन का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद परिवार के लोग और ग्रामीण उसे खोजने के लिए इधर-उधर निकल पड़े। धीरे-धीरे खोजबीन नदी किनारे तक पहुंची, जहां लोगों को अनहोनी की आशंका होने लगी। ग्रामीणों ने तुरंत नदी में उतरकर कुंदन की तलाश शुरू की। काफी देर तक चले सर्च के बाद आखिरकार उसका शव पानी से बरामद किया गया। यह दृश्य देखते ही वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरे गांव में मातम छा गया।
पैर फिसलने से गहरे पानी में जाने की आशंका
ग्रामीणों का मानना है कि क्रिकेट खेलने के दौरान कुंदन नदी किनारे पहुंच गया होगा। संभावना जताई जा रही है कि वह हाथ धोने या किसी सामान को निकालने के लिए पानी के पास गया होगा, इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। तैरना नहीं आने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूबने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलते ही काशीचक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
परिवार बेहाल
दर्दनाक हादसे के बाद लीला बीघा गांव में हर तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है। कुंदन अपने परिवार का सबसे छोटा बेटा था, जिससे सभी को खास लगाव था। उसके अचानक चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
भईया जी की रिपोर्ट