अरवल, स्थानीय राजकीय अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय, अरवल में विद्यालय का स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं कार्यक्रम के अध्यक्ष जिला कल्याण पदाधिकारी रवीन्द्र कुमार दास द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह में एस डी बी ईओ प्रिया कुमारी, नियोजन पदाधिकारी भावना एवं सहायक कोषागार पदाधिकारी मनोज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जिला कल्याण पदाधिकारी एवं उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्राओं एवं शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। छात्राओं ने तबला एवं हारमोनियम की मधुर संगत के साथ स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके पश्चात छात्राओं द्वारा नृत्य, भाषण एवं नाटक की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गई, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।
विद्यालय के शिक्षकों द्वारा भी तबला एवं हारमोनियम पर भावपूर्ण गायन प्रस्तुत किया गया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में जिला कल्याण पदाधिकारी रवीन्द्र कुमार दास ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर मेहनत एवं लगन के साथ शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज के सर्वांगीण विकास की कुंजी है। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन विद्यालय की सहायक अध्यापिका ज्योति बाला द्वारा किया गया। प्रभारी प्रधानाध्यापक जयप्रकाश सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहायक अध्यापक अनुज कुमार, राधेश्याम शुक्ल, उर्वशी गुप्ता, राजनीतिश कुमार, पिन्टू लाल पंकज, ब्रजेश कुमार, रविशेख कुमार, अनन्त कुमार, शैलेन्द्र कुमार एवं संगीत शिक्षक नरेश कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं, कार्यक्रम के विभिन्न मनमोहक पलों को कैमरे में कैद करने का दायित्व खेल शिक्षक छत्रशाल कुमार द्वारा निभाया गया। सभी के सामूहिक प्रयास से विद्यालय का स्थापना दिवस समारोह सफल एवं यादगार आयोजन के रूप में संपन्न हुआ।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट