अरवल- भाकपा (माले) के जिला सचिव जितेंद्र यादव ने कहा कि 9 अगस्त को साम्राज्यवाद विरोधी दिवस के अवसर पर अरवल जिला मुख्यालय में विरोध मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने बताया कि मार्च के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया जाएगा।
जितेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने अमेरिका के साथ कृषि व्यापार समझौता कर देश के किसानों के हितों को खतरे में डाल दिया है। उनका कहना है कि इससे भारतीय किसानों की उपज का बाजार मूल्य प्रभावित होगा तथा किसानों को उचित कीमत नहीं मिल सकेगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों को सी-2 लागत पर 50 प्रतिशत लाभ जोड़कर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी नहीं दी है।
उन्होंने कहा कि बिहार के कई हिस्सों में एक ओर बाढ़ तो दूसरी ओर सुखाड़ की स्थिति बनी हुई है। साथ ही रासायनिक खाद और उर्वरकों की कालाबाजारी के कारण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने राज्य सरकार पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
भाकपा (माले) नेता ने यह भी आरोप लगाया कि बिहार सरकार की सैटेलाइट टाउनशिप परियोजना एवं लैंड पूलिंग नीति के माध्यम से किसानों की कृषि भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। उन्होंने इस नीति को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि विकास योजनाओं के नाम पर किसानों की जमीन बिना समुचित मुआवजे के नहीं ली जानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि 9 अगस्त के विरोध मार्च में प्रमुख मांगों में अमेरिका के साथ कृषि व्यापार समझौता बंद करने, सी-2+50 प्रतिशत एमएसपी की कानूनी गारंटी देने, सैटेलाइट टाउनशिप परियोजना एवं लैंड पूलिंग नीति वापस लेने, किसानों को सस्ती दरों पर खाद एवं उर्वरक उपलब्ध कराने, कालाबाजारी पर रोक लगाने, अरवल को सुखाड़ घोषित करने, किसानों को मुफ्त बिजली देने तथा हर खेत तक बिजली पहुंचाने की मांग शामिल रहेगी।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट