नवादा : जिले की पुलिस ने ग्राहक बनकर चोरी की बाइक के साथ पटना जिले के एक शातिर को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान सोनू कुमार के रूप में की गयी है। 20 वर्षीय सोनू पटना जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के बैरिया इलाके के संजय केवट का बेटा बताया जाता है। बताया जाता है कि नगर थाने की पुलिस को चोरी की बाइक बेचने के लिए बाइक चोर गिरोह के शातिरों के नवादा आने की सूचना मिली थी।
सूचना पर वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह की मॉनिटरिंग में आईटीआई टीओपी प्रभारी अमर कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम में शामिल एक कांस्टेबल ने निर्धारित स्थल पर सिविल ड्रेस में जाकर बाइक लेकर आये युवक से बातचीत की। इस बीच शक होने पर वहां से भागने लगा। तभी पुलिस ने उसे चोरी की बाइक के साथ दबोच लिया। ताजा जानकारी मिलने तक आरोपित से बाइक चोरी के बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंकेज के बारे में पूछताछ की जा रही है।
बख्तियारपुर से 01 जुलाई को चोरी पुलिस के मुताबिक अपाची बाइक नंबर बीआर 01 ईवाई 2557 बख्तियारपुर के सीढ़ी घाट मंदिर के समीप मैरिन ड्राइव से 01 जुलाई 2026 को चोरी गयी थी। इस मामले में बख्तियारपुर घोसवरी के चम्पापुर के वादी राजेश कुमार के बेटे गौरव कुमार द्वारा बख्तियारपुर थाने में 02 जुलाई को कांड संख्या-541/26 दर्ज है। पुलिस इस मामले में अग्रेतर कार्रवाई कर रही है।
भईया जी की रिपोर्ट