नवादा : नालसा एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री आशुतोष कुमार झा के कर-कमलों द्वारा दिनांक 12.09.2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार हेतु सिविल कोर्ट के मुख्य द्वार से प्रचार वाहन (जागरूकता रथ) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रचार वाहन रथ शहर के प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जाकर लोगों को जागरूक करेगा तथा राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित पम्पलेट आदि का वितरण करेगा, जिससे जिलावासियों को दिनांक 12.09.2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने वादों के निष्पादन की जानकारी प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री आशुतोष कुमार झा के नेतृत्व में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री अरविन्द कुमार, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीशगण, अन्य अपर मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारीगण, न्यायिक दण्डाधिकारी प्रथम श्रेणी, डिफेंस/पैनल अधिवक्तागण, पारा विधिक स्वयंसेवक, व्यवहार न्यायालय के कर्मचारीगण तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकारियों के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश के आलोक में विद्वान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री आशुतोष कुमार झा के मार्गदर्शन तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री अरविन्द कुमार के सहयोग से दिनांक 12.09.2026 को व्यवहार न्यायालय, नवादा में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ जोरों पर हैं। इसी क्रम में बैठक आयोजित कर सभी विभागों के विभागाध्यक्षों के साथ आवश्यक विचार-विमर्श किया गया। इस संबंध में बिजली विभाग एवं दूरभाष विभाग के पदाधिकारियों को पक्षकारों पर नोटिस निर्गत करने हेतु पत्र जारी किया गया।
बैठक में नगर परिषद के पदाधिकारियों को भी आवश्यक सहयोग प्रदान करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही जिले के सभी थानाध्यक्षों के साथ बैठक कर शत-प्रतिशत नोटिसों की तामिला सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से संबंधित नोटिस थाना स्तर पर भेजे जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त न्यायिक पदाधिकारियों के साथ भी लगातार बैठकें की जा रही हैं। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने बताया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के बेहतर प्रदर्शन हेतु जिला अधिवक्ता संघ से सहयोग की अपेक्षा की जा रही है तथा एडवोकेट एसोसिएशन के साथ भी आवश्यक विचार-विमर्श किया जा रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट