आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रतनपुर ओवरब्रिज के समीप बीती देर शाम उपद्रवी तत्वों ने सर्वशिक्षा अभियान में शामिल शिक्षा विभाग के अधिकारियों की टीम पर हमला कर दिया। इस घटना में सर्वशिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) राहुल रंजन सहित तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। पुलिस के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय अंतर्गत जिला कार्यक्रम प्रबंधक राहुल कुमार बीती देर शाम दो अन्य कर्मचारियों के साथ एक वाहन में सवार होकर काम से लौट रहे थे। तभी एक अन्य कार में सवार लोगों ने ओवरब्रिज के पास उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया और हमला कर दिया।
डीपाएम और सहयोगियों पर हमला
बताया जाता है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय का कार्य समाप्त होने के बाद डीपीएम राहुल रंजन अपने दो सहयोगियों के साथ वाहन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रतनपुर ओवरब्रिज के समीप एक कार ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद कार से उतरे आधा दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के जुटने पर सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। हमलावरों ने अधिकारियों के वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचाया। शोर सुनकर स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे जिसके बाद घायल अधिकारियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने मामले की शुरू की जांच
घायलों का कहना है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया। स्थानीय लोगों की सहायता से तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी मानवेंद्र कुमार राय मुफस्सिल थाना पहुंचे। उन्होंने बताया कि जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित तीन कर्मियों पर जानलेवा हमला किया गया है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है तथा घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।