पटना सिटी के अगमकुआं थाना क्षेत्र में आज शुक्रवार की सुबह सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद उपद्रवी भीड़ ने भारी बवाल कर जमकर उत्पात मचाया। गुस्साई भीड़ ने न सिर्फ पुलिस को खदेड़ दिया बल्कि बस—कार और पुलिस की 3 जीप समेत कुल 10 गाड़ियां फूंक डाली। जानकारी के अनुसार पहाड़ी क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर एक बस ने सड़क पार कर रहे एक युवक को कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वहां आसपास के ग्रामीण और परिजनों के साथ भारी भीड़ जमा हो गई। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने उस बस को आग के हवाले कर दिया। बस का ड़ाइवर दुर्घटना के बाद बस छोड़कर फरार हो गया था। सूचना मिलने पर जब वहां पुलिस पहुंची तो भीड़ ने पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया। इस दौरान वहां जाम लग गया और अफरा—तफरी मच गई। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने बस के अलावे पुलिस की तीन गाड़ियों और कार ताथा मीडिया कर्मियों व अन्य लोगों की कई बाइक समेत कुल 10 वाहनें को आग के हवाले कर दिया।
बताया गया कि पहाड़ी स्थित पंप हाउस के पास आज दिन में एक तेज रफ्तार बस ने 24 वर्षीय लोकल युवक मनीष को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मनीष पहाड़ी इलाके का रहने वाला था। घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने एनएच-30 जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया। गुस्साई भीड़ ने हादसे वाली बस में आग लगा दी। इसके बाद कई अन्य वाहनों को भी निशाना बनाया गया। उपद्रवियों ने हालात को नियंत्रित करने के लिए पहुंची पुलिस को भी खदेड़ दिया और कवरेज करने पहुंचे मीडियाकर्मियों पर हमला कर दिया। पुलिस की तीन गाड़ियों और कार बाइक समेत करीब 10 वाहनों को भी आग लगा दी गई। मौके पर पहुंचे मीडियाकर्मियों के साथ भी मारपीट की गई। कुछ पत्रकारों के कैमरे और माइक भी छीन लिए गए। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीओ और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को काबू करने और हालात सामान्य करने की कोशिश शुरू की। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल वहां स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस उपद्रव करने वालों की पहचान कर रही है। एएसपी ने बताया कि आज सुबह रोड क्रॉस करने के दौरान एक युवक बस की चपेट में आ गया। उसकी मौत के बाद भीड़ उन्मादी हो गई और लोगों के जमावड़े में उपद्रवी तत्व शामिल होकर उत्पात मचाने लगे। हालात को पुलिस ने काबू में कर लिया है। अब तोड़फोड़ मचाने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। किसी भी उपद्रवी तत्व को बख्सा नहीं जाएगा।