नवादा : जिले की अकबरपुर पुलिस ने बाजार में छापामारी कर 19 लीटर महुआ शराब के साथ कारोबारी को गिरफ्तार किया है। शराब ढोने के उपयोग में लाये जा रहे बाइक को जब्त कर लिया। इस क्रम में सहयोगी फरार होने में सफल रहा। इस बावत उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
थानाध्यक्ष रुपेश कुमार सिन्हा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि सिरकट्ठा की ओर से ग्लैमर मोटरसाइकिल से शराब की खेप लेकर अकबरपुर बाजार की ओर जा रहा है। सूचना के आलोक में गश्त पर रहे जयनारायण मेहता पुसअनि को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। निर्देश के आलोक में अकबरपुर बाजार के रास्ते की घेराबंदी कर दी।
इस क्रम में लाल ग्लैमर मोटरसाइकिल सवार की नजर पुलिस पर पड़ते ही बाइक छोड़कर भागने लगा। सतर्क जवानों ने एक को पकड़ने में सफल रहा जबकि दूसरा फरार होने में सफल रहा। बाइक की तलाशी में 19 लीटर महुआ शराब बरामद होते ही बाइक नम्बर बी आर 27 एफ 0609 समेत कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया। कारोबारी की पहचान जाखे देवीपुर गांव के 19 वर्षीय कौशल कुमार पिता गुड्डू यादव के रूप में की गयी है। इस बावत उत्पाद अधिनियम के तहत थाना कांड संख्या 373/26 दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई आरंभ कर दी गयी है।
भईया जी की रिपोर्ट