पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी मिली है। इसको लेकर सांसद ने दिल्ली पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई है। इस धमकी में सांसद पप्पू यादव को गोली मारने और पूरे परिवार को बम से उड़ाने की बात कही गई है। धमकी सांसद के आधिकारिक वेबसाइट pappuyadav.org के शिकायत पोर्टल पर जारी की गई है। सांसद पप्पू यादव ने डीसीपी को पत्र लिखकर उनके आधिकारिक वेबसाइट के जरिए उन्हें मिली धमकियों के मामले में तुरंत FIR दर्ज करने की मांग की है। पत्र में उन्होंने आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी और अपने व अपने परिवार के लिए सुरक्षा बढ़ाने की गुहार दिल्ली पुलिस से की है।
अपने शिकायत पत्र में पप्पू यादव ने बताया कि 28 जुलाई को ‘पप्पूयादवडॉटओआरजी’ वेबसाइट पर दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज की गईं। इन शिकायतों में सांसद को गोली मारकर हत्या करने और उनके पूरे परिवार को बम से उड़ा देने की खुली धमकी दी गई है। पत्र में कहा गया है कि धमकी भेजने वाले ने अपना नाम मुकेश मिश्रा बताया है। शिकायत में मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और आधार संख्या के साथ ही पता मधुबनी, बिहार दर्ज किया गया है। सांसद ने मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए डीसीपी से पत्र में अनुरोध किया है कि उपरोक्त तथ्यों के आधार पर संबंधित थाने में तत्काल प्रभाव से प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए और जांच की प्रगति से कार्यालय को अवगत कराया जाए।
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव अपने बयानों और विवादों के कारण वे अक्सर सुर्खियों में रहते रहे हैं। फिलहाल इस मामले में दिल्ली पुलिस साइबर सेल की मदद से आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल, वेबसाइट के सर्वर लॉग, शिकायत पोर्टल पर दर्ज विवरण और दिए गए मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। सांसद और उनके परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक निवारक और सुरक्षात्मक कदम उठाने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।