नवादा : जिले के नरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत खनवां गांव में उस समय कोहराम मच गया, जब 17 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया। मृतक की पहचान खनवां निवासी विनोद कुमार के 17 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, किशोर की हत्या किसी ने गमछे से गला दबाकर बेहद बेरहमी से की है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।
स्कूल परिसर से मिला शव
गोलू कुमार का शव गांव में स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, मदनपुर के परिसर से बरामद हुआ। सुबह जब ग्रामीणों की नजर स्कूल परिसर पर पड़ी, तो उन्होंने शव देखा और तुरंत इसकी सूचना परिजनों व स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नरहट थानाध्यक्ष गौतम कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने बारीकी से मुआयना किया और हत्या से जुड़े कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक नमूने व साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिससे हत्यारों तक पहुंचने में मदद मिल सके। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया ।
संभावित पहलुओं से जांच में जुटी पुलिस
इस जघन्य हत्याकांड के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पुरानी रंजिश या किसी अन्य विवाद सहित हत्या के सभी संभावित पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस हर बिंदु को ध्यान में रखकर साक्ष्यों को खंगाल रही है और बहुत जल्द इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
भईया जी की रिपोर्ट