नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी श्री रंजीत कुमार की अध्यक्षता में जिला परिवहन कार्यालय में जिले के बस एसोसिएशन, बस मालिकों, बस संचालकों तथा तीन पहिया वाहन (टोटो, टेम्पो एवं ई-रिक्शा) संचालकों एवं मालिकों के साथ अलग-अलग बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं जनहितकारी बनाना तथा परिवहन विभाग द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना था।
बस संचालकों के साथ आयोजित बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी ने सभी संचालकों एवं वाहन मालिकों को निर्देश दिया कि परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप प्रत्येक बस में किराया तालिका यात्रियों को स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाले स्थान पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। साथ ही प्रत्येक बस में शिकायत पंजी का संधारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि शहर में कहीं भी यत्र-तत्र बसों का ठहराव नहीं किया जाए तथा सभी बसों का परिचालन केवल निर्धारित बस स्टैंड से ही किया जाए। उन्होंने कहा कि अनधिकृत स्थानों पर बसों के ठहराव से यातायात बाधित होता है और आम लोगों को असुविधा होती है। सभी संचालकों से यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करने तथा सुरक्षित एवं अनुशासित परिवहन व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।
बैठक में उपस्थित नगर निकायों, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) एवं जिला परिषद के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया कि उनके प्रबंधनाधीन बस स्टैंडों पर यात्रियों के लिए स्वच्छ शौचालय, नियमित साफ-सफाई तथा शुद्ध पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके उपरांत जिला अंतर्गत शहरी क्षेत्रों में संचालित तीन पहिया वाहन (टोटो, टेम्पो एवं ई-रिक्शा) संचालकों एवं मालिकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात नियमों के पालन, परिवहन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किराया दर निर्धारण एवं आवश्यकता अनुसार संशोधन, निर्धारित मार्गों पर ही वाहनों का परिचालन तथा शहर में अनधिकृत स्थानों पर वाहनों के ठहराव पर रोक लगाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।