नवादा : जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के कहुआरा डीह गांव में बीती रात 20-30 लोगों की भीड़ ने एक परिवार के घर पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में एक ही परिवार के 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक दुधमुंही बच्ची भी शामिल है। हालत गंभीर होने के कारण सभी को पहले नारदीगंज सीएचसी, फिर सदर अस्पताल और वहां से बेहतर इलाज के लिए पावापुरी विम्स रेफर किया गया है।
पीड़ित पूहलाद कुमार, पिता भगीरथ प्रसाद बताया कि गांव की एक युवती, जो रिश्ते में चचेरी बहन लगती है, लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी। प्रह्लाद का कहना है कि रक्षा बंधन पर वह राखी बांधती थी, इसलिए शादी का प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया जा सकता था। ग्रामीणों के अनुसार दोनों के बीच पहले से प्रेम-प्रसंग की चर्चा थी। पीड़ितों के मुताबिक, घटना की रात युवती प्रह्लाद के घर पहुंची और रोने लगी। इसी दौरान अचानक 30-40 लोगों की भीड़ आई और लोहे की रॉड, टांगा, खंती जैसे हथियारों से घर में घुसकर हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने पहले दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। जब सफल नहीं हुए तो पड़ोसी की छत के रास्ते घर में प्रवेश कर गए। हमले में घर का आंगन खून से सन गया और दरवाजे क्षतिग्रस्त हो गए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मारपीट के बाद हमलावर घर से सामान लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद से परिवार दहशत में है और उन्हें केस वापस लेने की धमकी मिलने का आरोप है। घटना में भगीरथ प्रसाद, कारी देवी, लक्ष्मण कुमार, श्रवण कुमार, प्रह्लाद कुमार जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है, और प्रीति राज जख्मी है।
इस मामले में राजेंद्र प्रसाद, चंदन कुमार, विकास कुमार, छोटू कुमार, मुकेश कुमार, संतोष कुमार सहित अन्य अज्ञात लोग के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। नारदीगंज थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
“घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उनकी गिरफ्तारी जल्द सुनिश्चित की जायेगी। पीड़ित परिवार ने एसपी अभिनव धीमन और मगध रेंज के आईजी विकास वैभव से मिलकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
भईया जी की रिपोर्ट