CBI की एक टीम ने बीते दिन समस्तीपुर रेल मंडल कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए वहां तैनात रेलवे के सहायक कार्मिक पदाधिकारी अरुण मंडल को 50 हजार की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई तबादले के बदले एक लाख रुपये के लेन-देन के सौदे से जुड़ी हुई है। डीलिंग क्लर्क अमृत राज की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने 50 हजार रुपये की पहली किस्त लेते ही एपीओ को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद सीबीआई की टीम एपीओ को हिरासत में लेकर समस्तीपुर स्थित ललित कला केंद्र पहुंची। वहां बंद कमरे में कई घंटों तक चले गहन पूछताछ सत्र के दौरान अधिकारी मामले की परतें उघेड़ने में जुटे रहे।
आवास से मिली अवैध पिस्टल और गोलियां
पूछताछ के बाद सीबीआई की टीम ने एपीओ के सरकारी आवास पर भी त्वरित छापेमारी की। तलाश के दौरान अधिकारी के घर से एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और नौ जीवित कारतूस बरामद किए गए हैं। सीबीआई की इस अचानक और बड़ी कार्रवाई से रेल मंडल कार्यालय में पूरी तरह अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कर्मचारियों और वरिष्ठ अधिकारियों के बीच पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। बताया गया किसीबीआई की टीम शिकायतकर्ता को भी अपने साथ ले गई है और मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाल रही है। प्रशासनिक गलियारों में इस बड़ी कार्रवाई के बाद हड़कंप मचा हुआ है और सीबीआई की तरफ से जल्द विस्तृत बयान जारी होने की उम्मीद है।