अगर कल शुक्रवार को भी तेजस्वी यादव विधानसभा के मौजूदा मानसून सत्र में शामिल नहीं होते हैं तो यह शायद पहली बार होगा, जब नेता प्रतिपक्ष विधानमंडल के किसी सत्र में एक भी दिन उपस्थित नहीं हुए हों। इसी आलोक में आज मानसून सत्र का आज चौथे दिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के अब तक एक भी दिन सदन की कार्यवाही में शामिल नहीं होने का मुद्दा उठा। तेजस्वी की अनुपस्थिति पर सत्ता पक्ष ने सवाल खड़ा किया। कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि सदन को ये जानने का अधिकार है कि आखिर नेता विरोधी दल कहां हैं? इस पर राजद की तरफ से जो बताया गया वह चौंकाने वाला है। अभी तक यही माना जा रहा था कि तेजस्वी विदेश दौरे पर हैं। लेकिन राजद की तरफ से बताया गया कि वे दिल्ली में अपने बीमार पिता का इलाज करवा रहे हैं।
दरअसल, विजय सिन्हा के सवाल पर आरजेडी के मुख्य सचेतक और बोधगया से विधायक कुमार सर्वजीत ने सीधे तौर पर तो ये नहीं बताया कि तेजस्वी यादव क्यों नहीं सदन की कार्यवाही में शामिल होने आ रहे हैं। लेकिन उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की गैरमौजूदगी को लेकर सत्ता पक्ष पर ही सवाल दाग दिया और कहा कि कृषि मंत्री विजय सिन्हा जानना चाह रहे हैं कि तेजस्वी यादव कहां हैं। लेकिन जब बिहार में वित्तीय संकट खड़ा है तो ऐसे में वे बताएं कि हमारे छोटे भाई निशांत कुमार कहां हैं? विधायक के इस सवाल पर स्पीकर ने कहा कि निशांत जी लगातार सदन में उपस्थित रहे हैं। इस समय वह विधान परिषद में बैठे हुए हैं।
इसी के बाद कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र में बंधुआ मजदूर की भावना खत्म होनी चाहिए। हर सदस्य अपने नेता से उनकी जिम्मेवारी की बात और आभास करनी चाहिए। अगर नहीं कर पाते हैं तो यह लोकतंत्र के लिए खतरा है। आपको बताना चाहिए कि बीमार हैं, अस्वस्थ हैं, पारिवारिक मामले से बाहर हैं। सदन जानना चाहता है नेता प्रतिपक्ष के बारे में. आपको बताना चाहिए। आज सदन का चौथा दिन है। तेजस्वी यादव को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है लेकिन चर्चा है कि वह पत्नी और बच्चों के साथ विदेश दौरे पर हैं। लेकिन अब सदन में राजद विधायक के जवाब के बाद तेजस्वी को लेकर और ज्यादा भ्रम की स्थिति बन गई है।