पेपर लीक पर बिहार आज गुरुवार को फिर सुलग उठा। पटना के अलावा आज बेगूसराय और कटिहार में भी सड़क पर छात्र उतर आए और जमकर बवाल किया। कटिहार में तो उन्हें तितर—बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा। छात्र शिक्षा मंत्री के साथ ही अब PM मोदी के इस्तीफे की भी मांग कर रहे थे। बताया गया कि बिहार में छात्रों का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा जिसमें पटना समेत कई जिलों में छात्र सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। हालात को देखते हुए कई जगह भारी पुलिस बल और वाटर कैनन तैनात किए गए हैं, जबकि कटिहार में छात्रों ने डीएम कार्यालय का घेराव कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
दूसरे अन्य जिलों से भी छात्रों के सड़कों पर उतरने की खबर आ रही है। हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों की एक ही डिमांड है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें। प्रदर्शन को देखते हुए पटना सहित सभी संवेदनशील जिलों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। जानकारी के अनुसार मुंगेर में भी छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। इस दौरान जिला पुलिस बल के जवान मुस्तैदी से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रहे। जबकि बेगूसराय में प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस ने वाटर कैनन समेत अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती कर दी। उधर, कटिहार में छात्रों ने जिला समाहरणालय का घेराव कर अपना विरोध दर्ज कराया। पटना में भी छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
इधर NEET पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पटना में आज गुरुवार को एक बार फिर छात्र सड़कों पर उतर आए हैं। प्रदर्शनकारियों ने अशोक राजपथ पर जाम कर दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों का कहना है कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देंगे, उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस बीच प्रदर्शन कर रहे कई छात्रों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उन्हें बसों में बैठाकर मौके से हटाया। हिरासत में लिए जाने के दौरान भी छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी जारी रखी। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि पुलिस चाहे जितनी सख्ती कर ले, वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। उनका कहना है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, उनका आंदोलन जारी रहेगा।