पटना/नई दिल्ली : विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की केंद्रीय प्रबंध समिति की दो दिवसीय बैठक 19 एवं 20 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के छतरपुर स्थित तेरापंथ भवन में संपन्न हुई। बैठक में देशभर से केंद्रीय पदाधिकारियों एवं प्रबंध समिति के लगभग 200 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। समसामयिक राष्ट्रीय एवं सामाजिक विषयों पर विस्तृत चर्चा के बाद कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए तथा संगठनात्मक विस्तार से जुड़े नए दायित्वों की भी घोषणा की गई।
बैठक में भारतीय परिवार व्यवस्था को समाज की मूल शक्ति बताते हुए उसके संरक्षण एवं सुदृढ़ीकरण पर विशेष बल दिया गया। परिषद ने पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया। प्रस्ताव में कहा गया कि बदलते सामाजिक परिवेश और कुछ न्यायिक निर्णयों के प्रभाव को देखते हुए परिवार व्यवस्था से जुड़े विषयों पर व्यापक सामाजिक विमर्श और आवश्यक कानूनी पहल की जरूरत है।
बैठक में ओडिशा के कंधमाल में स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की हत्या की जांच से संबंधित आयोग की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं होने पर चिंता व्यक्त की गई। परिषद ने मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा रिपोर्ट सार्वजनिक किए जाने की मांग की। साथ ही ओडिशा में धर्मांतरण पर प्रभावी रोक लगाने का भी आह्वान किया गया। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर विशेष प्रस्ताव पारित करते हुए परिषद ने उनके सामाजिक समरसता, समानता, आध्यात्मिक चेतना और मानव मर्यादा के संदेश को देशभर में जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।
बैठक में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख नेताओं में रहे श्रद्धेय अशोक सिंघल की जन्मशती वर्ष के अवसर पर वर्षभर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। परिषद ने उनके संगठन निर्माण, हिंदू जागरण, सामाजिक समरसता, गौरक्षा और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण में दिए गए योगदान को समाज तक पहुंचाने की योजना बनाई।
साथ ही संगठन के विस्तार के लिए देशभर में लगभग एक करोड़ हितचिंतक जोड़ने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया। संगठनात्मक फेरबदल के तहत विजय प्रताप को पटना क्षेत्र (बिहार एवं झारखंड) का क्षेत्र संगठन मंत्री, अरविंद तिवारी को दक्षिण बिहार का प्रांत सह संगठन मंत्री तथा आनंद कुमार को जयपुर क्षेत्र का क्षेत्र संगठन मंत्री बनाया गया। इसके अलावा केंद्रीय, क्षेत्रीय एवं प्रांतीय स्तर पर कई अन्य पदाधिकारियों को भी नए दायित्व सौंपे गए।
बैठक में केंद्रीय प्रबंध समिति सदस्य जगन्नाथ शाही, पटना क्षेत्र मंत्री डॉ. वीरेंद्र साहू, झारखंड प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र, प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार, उत्तर बिहार प्रांत मंत्री रणवीर सिंह, प्रांत संगठन मंत्री देवी सिंह, दक्षिण बिहार प्रांत मंत्री संतोष सिसोदिया, धर्म प्रसार क्षेत्र प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा सहित देशभर से आए लगभग 200 प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का समापन हिंदू समाज को संगठित करने, सनातन मूल्यों के संरक्षण तथा राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के संकल्प के साथ हुआ।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट