पटना/शिमला : एसजेवीएन लिमिटेड की अध्यक्षता में गठित नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), शिमला (कार्यालय-2) की छमाही बैठक का आयोजन बीते दिनों एसजेवीएन लिमिटेड परिसर में किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने की। बैठक में शिमला स्थित केंद्रीय सरकारी कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग की समीक्षा की गई तथा भारत सरकार द्वारा निर्धारित राजभाषा संबंधी लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में अजय कुमार शर्मा ने कहा कि सभी सदस्य अपने-अपने कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं प्रयोग के लिए सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि भविष्य में भी इसी गति को बनाए रखते हुए अधिकतम शासकीय कार्य हिंदी में संपन्न करने का हरसंभव प्रयास करें। बैठक के दौरान अजय कुमार शर्मा ने नराकास, शिमला (कार्यालय-2) की अध्यक्षता का कार्यभार भारतीय रिजर्व बैंक को सौंपते हुए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक अनूप किशोर ने कहा कि एसजेवीएन लिमिटेड की अध्यक्षता में कार्यरत नराकास, शिमला (कार्यालय-2) वर्ष 2015 से अपने दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन कर रहा है। समिति समय-समय पर नियमित रूप से बैठकों एवं विभिन्न कार्यक्रमों का सफल आयोजन करती रही है, जिसके लिए एसजेवीएन लिमिटेड बधाई का पात्र है।
उन्होंने यह भी बताया कि संसदीय राजभाषा समिति ने भी एसजेवीएन लिमिटेड की अध्यक्षता में गठित नराकास, शिमला (कार्यालय-2) के कार्यों की सराहना की है। बैठक में एसजेवीएन लिमिटेड के मानव संसाधन विभागाध्यक्ष बलजीत सिंह, नराकास-2, शिमला के सदस्य-सचिव आशीष पंत सहित शिमला स्थित विभिन्न केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक उपक्रमों एवं बैंकों के 54 वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट