नवादा : जिले के गोविंदपुर उत्पाद जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चार पहिया वाहन से भारी मात्रा में कच्चा स्प्रिट बरामद किया है। स्प्रिट का उपयोग अवैध रूप से शराब निर्माण में किया जाना था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया।
उत्पाद विभाग के एएसआई दिलीप कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि झारखंड से बिहार की ओर एक वाहन से कच्चे स्प्रिट की खेप भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही जांच चौकी के समीप टीम को अलर्ट मोड पर तैनात किया गया। कुछ देर बाद बिचाली (भूसा) से लदे एक संदिग्ध वाहन को रोककर जब उसकी गहन तलाशी ली गई, तो बिचाली के नीचे बोरियों में छिपाकर रखे गए कई प्लास्टिक के गैलन मिले। जांच करने पर गैलनों में हजारों लीटर कच्चा स्प्रिट भरा पाया गया।
मौके से गिरफ्तार चालक की पहचान झारखंड के बोकारो निवासी रवि कुमार (पिता- उपेंद्र शर्मा) के रूप में हुई है। पूछताछ में चालक ने खुलासा किया कि उसे झारखंड के तीसरी क्षेत्र में यह वाहन सौंपा गया था। उसका काम वाहन को नवादा फोरलेन तक पहुंचाना था, जहां से सिंडिकेट का दूसरा ड्राइवर गाड़ी को आगे ले जाने वाला था।
उत्पाद विभाग ने जब्त स्प्रिट और वाहन को कब्जे में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद विभाग इस अवैध शराब निर्माण एवं तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य धंधेबाजों का पता लगाने में जुट गयी है।
भईया जी की रिपोर्ट