बिहार में मानसून पूरी तरह एक्टिव हो गया है। कुछ जिलों में झमाझम तो शेष जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। राजधानी पटना में भी बादल ने डेरा जमाया हुुआ है और रह—रहकर बरसात हो रही है। मौसम विभाग ने पटना समेत 14 जिलों में आज भारी बारिश तो शेष जिलों में मध्यम बरसात का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही विभाग ने अगले 3 घंटे में पटना, भोजपुर, भागलपुर, बक्सर समेत कुछ जिलों में जोरदार बारिश का अनुमान जताया है। पिछले दो दिनों से पटना समेत कई जिलों में बारिश ने गर्मी से राहत दिल दी। बीती रात पटना में जमकर बारिश हुई। वहीं वज्रपात से राज्य में नौ लोगों की मौत होने की खबर है।
पटना और भोजपुर में 4 दिन तक बारिश
सबसे ज्यादा नालंदा में तीन, सारण में दो, सिवान में दो और बक्सर तथा रोहतास में एक—एक शख्स की वज्रपात से मौत हुई। आज सोमवार सुबह से ही कई जिलों में बारिश हो रही है। सोमवार को मौसम विज्ञान केंद्र ने सुबह पटना समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए राज्य के 14 जिलों में भारी बारिश जबकि शेष 24 जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और मध्यम वर्षा की चेतावनी दी है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना जताई गई है। राजधानी पटना और उससे सटे भोजपुर में तो अगले 4 दिनों तक लगातार बरसात होने का अनुमान लगाया गया है। इस दौरान दोनों ही जिलों में असामान पर बादल छाए रहेंगे और मौसम खुशगवार बना रहेगा।
इन जिलों में जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
अररिया, अरवल, बांका, बेगूसराय, भागलपुर, भोजपुर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गया, गोपालगंज, जहानाबाद, जमुई, कटिहार, खगड़िया, लखीसराय, मधेपुरा, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, नालंदा, नवादा, पटना, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, सारण, शेखपुरा, शिवहर, सीतामढ़ी, सीवान और वैशाली जिले के कुछ इलाकों में मौसम बिगड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 जुलाई तक बिहार के कई हिस्सों में मध्यम दर्जे की मेघगर्जन, बिजली चमकने और वर्षा के साथ तेज झोंकेदार हवा चल सकती है।