नवादा : सपनों की उड़ान आर्थिक परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती, यह बात जिले के वारिसलीगंज प्रखंड बाजितपुर गांव के भाई-बहन रितेश कुमार और ऋचा कुमारी ने साबित कर दी है। ईंट भट्ठे में मुंशी का कार्य करने वाले पिता के दोनों बच्चों ने NEET UG 2026 में एक साथ सफलता हासिल कर परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके को गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। रितेश कुमार ने परीक्षा में 655 अंक हासिल करते हुए ऑल इंडिया रैंक 1160 और ईडब्ल्यूएस रैंक 87 प्राप्त की।
वहीं उनकी बहन ऋचा कुमारी ने 622 अंक अर्जित कर ऑल इंडिया रैंक 4685 तथा ईडब्ल्यूएस रैंक 457 हासिल की। दोनों अब मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेकर डॉक्टर बनने का सपना पूरा करेंगे। रितेश और ऋचा के पिता रवि रंजन कुमार किसान हैं, जबकि माता शोभा कुमारी गृहिणी हैं। परिवार ने बच्चों की पढ़ाई को हमेशा प्राथमिकता दी। दोनों की शुरुआती शिक्षा वारिसलीगंज में हुई। बाद में वे राजस्थान के कोटा जाकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी में जुट गए। लगातार मेहनत और अनुशासित अध्ययन के बल पर उन्होंने दूसरे प्रयास में यह मुकाम हासिल किया।
परिजनों का कहना है कि पहले प्रयास में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बाद भी दोनों ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने अपनी कमियों पर काम किया, नियमित पढ़ाई जारी रखी और लक्ष्य पर पूरा ध्यान केंद्रित रखा। उसी का परिणाम है कि आज दोनों भाई-बहन एक साथ डॉक्टर बनने की राह पर हैं। रितेश और ऋचा की सफलता ने यह संदेश दिया है कि सीमित संसाधन किसी की मंजिल नहीं रोक सकते। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत ईमानदार हो और परिवार का साथ मिले, तो हर चुनौती को सफलता में बदला जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
भईया जी की रिपोर्ट