नवादा : जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देश पर जिले के सभी ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तरीय सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय जनसुनवाई डीएम रवि प्रकाश की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में हुई, जहां जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं।
जनसुनवाई के दौरान कुल 26 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए। जिला पदाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुना और कई शिकायतों का मौके पर निष्पादन कराया। शेष मामलों को जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को भेजते हुए समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए। सुनवाई के दौरान रोह थाना क्षेत्र के बारा पांडेय गांव निवासी रामचंद्र पंडित ने रास्ता अवरुद्ध किए जाने की शिकायत की।
वहीं वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के हाजीपुर निवासी सुंदर प्रसाद ने ट्यूबवेल लगवाने की मांग रखी। रजौली थाना क्षेत्र के धमनी गांव की नीतू देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन दिया, जबकि नगर थाना क्षेत्र के प्रसाद बिगहा निवासी टींकू कुमारी ने अपनी एफडी तुड़वाने से संबंधित समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया। इसके अलावा अन्य परिवादियों ने भी विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों में शिकायतें दर्ज कराईं।
डीएम रवि प्रकाश ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का पारदर्शी, निष्पक्ष और निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी न्याय मिल सके। इसी क्रम में नवादा सदर, रजौली अनुमंडल सहित जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित कर लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
भईया जी की रिपोर्ट