राजधानी पटना में सेक्स रैकेट का विरोध करने पर अपहरण के बाद हुई बंटी यादव हत्याकांड में अब एसएसपी ने बड़ा ऐक्शन लेते हुए लापरवाही बरतने वाले तीन ASI समेत कुल 4 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। पटना में देह व्यापार का विरोध करने पर पिछले सप्ताह करबिगहिया निवासी बंटी यादव को पटना जंक्शन के पास से अगवा कर लिया गया था। फिर पुलिस को उसकी लाश अथमल गोला में सड़क किनारे एक खेत से बरामद हुई थी। मामले में लापरवाही बरतने और समय पर एक्शन न लेने के गंभीर आरोप में तीन एएसआई और एक जवान समेत कुल 4 पुलिस वालों पर एसएसपी ने बड़ी कार्रवाई की। इन चारों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच में लापरवाही बरने का मामला सामने आया था।
शुरुआती जांच में यह पाया गया कि अपहरण के समय संबंधित पुलिसकर्मी घटनास्थल के आसपास मौजूद थे, लेकिन उन्होंने समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की। बताया जा रहा है कि सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी ने विभागीय जांच के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। जिन पुलिसवालों पर एक्शन हुआ है उनमें एएसआई प्रवीण कुमार पंकज, एएसआई अवधेश कुमार, एएसआई वीर बहादुर सिंह और गृह रक्षक सुदर्शन प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि विभागीय जांच के दौरान सामने आया कि बंटी यादव के अपहरण के समय ये पुलिसकर्मी घटनास्थल के करीब मौजूद थे। इसके बावजूद समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई, जिससे मामले को लेकर पुलिस की कार्यशैली गंभीर सवाल उठे।
अब निलंबित सभी पुलिसकर्मियों को तीन दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। विभागीय जांच आगे भी जारी रहेगी और जवाब के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि बंटी यादव का 6 जुलाई को अपहरण हुआ था। इसके पांच दिन बाद अथमल गोला थाना क्षेत्र से उनका शव बरामद हुआ। घटना के बाद से ही पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर सवाल उठ रहे थे। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया था जिसमें कुछ लोग बंटी से मारपीट करते और फिर उसे अगवा करते दिखाई दे रहे थो। बंटी के परिजनों ने आरोप लगाया था कि बंटी इलाके में संचालित सेक्स रैकेट का विरोध कर रहा था और इसीलिए उसे अगवा कर मार डाला गया। अब इसी मामले में लापरवाही को लेकर पुलिसवालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के बाद यह मामला और गंभीर हो गया है। फिलहाल पुलिस हत्या की साजिश और अपहरण की जांच के साथ-साथ इस मामले में पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी अलग से जांच कर रही है।