पटना/बाढ़: मोकामा घाट के पचमहला क्षेत्र में गंगा नदी में एनटीपीसी के लिए साहेबगंज से कोयला लेकर जा रहा एक मालवाहक जहाज तकनीकी खराबी के कारण करीब दो घंटे तक बीच धारा में फंसा रहा। बाद में दो अन्य जहाजों की मदद से उसे सुरक्षित एनटीपीसी तक पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, ‘जाकिर हुसैन’ नामक मालवाहक जहाज साहेबगंज से कोयला लेकर एनटीपीसी जा रहा था।
इसी दौरान मोकामा के पचमहला के समीप जहाज का अपस्ट्रीम संचालन प्रभावित हो गया, जिससे वह आगे नहीं बढ़ सका। काफी प्रयासों के बावजूद जहाज को आगे बढ़ाने में सफलता नहीं मिली। इसके बाद सहायता के लिए दो अन्य जहाजों को बुलाया गया, जिन्होंने उसे खींचकर सुरक्षित एनटीपीसी तक पहुंचाया। उल्लेखनीय है कि गंगा नदी में बढ़ते कटाव को देखते हुए बाढ़ की एसडीएम गरिमा लोहिया ने लगभग दो माह पूर्व नदी किनारे ट्रेजिंग (ड्रेजिंग) और जहाजों के किनारे से परिचालन पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे।
उनका कहना था कि नदी किनारे जहाजों की आवाजाही और ड्रेजिंग से जलधारा की गति तेज होती है, जिससे कटाव बढ़ने का खतरा रहता है और तटवर्ती गांव प्रभावित हो सकते हैं। निर्देश के अनुसार जहाजों का परिचालन नदी के किनारों के बजाय मुख्य धारा से किया जाना चाहिए। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन के आदेश के बावजूद कई जहाज अब भी नदी के किनारे से ही संचालित किए जा रहे हैं, जिससे कटाव का खतरा बना हुआ है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट