पटना। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के संभावित उपचुनाव को लेकर चल रही अटकलों के बीच भाजपा नेता अभिषेक कुमार बंटी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह यह चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने अपने फैसले के पीछे पारिवारिक कारणों का हवाला दिया है।
अभिषेक कुमार बंटी ने कहा कि पिछले कुछ समय से उनके विधानसभा उपचुनाव लड़ने को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चाएं चल रही थीं। हालांकि, पारिवारिक परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने इस बार चुनावी मैदान में नहीं उतरने का निर्णय लिया है। उन्होंने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह, विश्वास और सहयोग उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है।
इस बीच, राजनीतिक गलियारों में उनके फैसले को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। कुछ राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा में उम्मीदवारों के चयन की एक तय प्रक्रिया होती है और संगठन में कार्यकर्ताओं को चरणबद्ध तरीके से जिम्मेदारियां दी जाती हैं। उनके अनुसार, अभिषेक कुमार बंटी की संभावित उम्मीदवारी को लेकर जो चर्चाएं थीं, वे समय से पहले शुरू हो गई थीं।
हालांकि, अभिषेक कुमार बंटी ने इन अटकलों पर कोई टिप्पणी नहीं की है। उन्होंने कहा कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन पार्टी की नीतियों और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पहले की तरह बनी रहेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि वह भविष्य में भी संगठन और जनता के हित में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।