जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार आज पटना में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में शामिल होने वाले थे। लेकिन खबर है कि इस बैठक से ठीक पहले नीतीश बीमार पड़ गए हैं। बताया जाता हैे कि एनडीए की महाबैठक से ठीक पहले आज अचानक नीतीश कुमार के आवास पर हलचल बढ़ गई। बताया जा रहा है कि उन्हें कमजोरी, चक्कर और ब्लड प्रेशर से जुड़ी कुछ परेशानी हुई है। इसके बाद चिकित्सक उनकी जांच कर रहे हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर यह जानकारी नहीं दी गई है कि उनकी तबीयत कितनी गंभीर है या यह सामान्य स्वास्थ्य संबंधी समस्या है। इससे पहले भी जब नीतीश सीएम थे, तब भी वे बार-बार बीमार पड़ रहे थे। उनके मेडिकल बुलेटिन तक की मांग तत्कालीन विपक्ष राजद की ओर से की जा रही थी। लोकसभा चुनाव से पहले भी उन्हें थोड़ा बीमार बताया जा रहा था। अब वे फिर बीमार पड़ गए हैं।
जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा नीतीश के आवास पर पहुंचे हुए हैं। इधर आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सीएम हाउस में आयोजित महाबैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, हम के जीतन राम मांझी, लोजपा आर प्रमुख चिराग पासवान तथा रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा भी पहुंच चुके हैं। एनडीए की महाबैठक में जदयू की ओर से दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र यादव सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे। जदयू नेताओं को बैठक से पहले अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने उनके आवास पर जाना ही था, लेकिन अब उनकी तबीयत खराब होने की खबर सामने आने के बाद वहां गतिविधियां और बढ़ गई हैं। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि नीतीश कुमार इस महाबैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे। हालांकि, बांकीपुर उपचुनाव को देखते हुए भाजपा चाहती है कि वे इस बैठक में अवश्य शामिल हों।