पटना/बाढ़ : अनुमंडल पुलिस ने गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वाहनों से करीब 100 किलो गांजा बरामद करने के साथ 5 तस्करों को गिरफ्तार किया तथा 6 मोबाइल एवं तीन लक्जरी वाहनों को जब्त किया है और जब्त किए गए तीनों वाहनों में ब्लैक कलर की थार(BR01FE2525), सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर (BR09AP6526) और सफेद रंग की अर्टिगा (BR09AY3850) शामिल हैं। बाढ़ अनुमंडल के एसडीपीओ- 1, रामकृष्ण ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर विशिष्ट आसूचना इकाई पटना के सहयोग से हाथीदह थाना क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी की गई तथा इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन वाहनों से करीब 100 किलो गांजा बरामद किया।
पुलिस ने मौके से पांच गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है तथा गिरफ्तार तस्करों की पहचान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के गंगोली निवासी (23) चंदन कुमार, खोकसा निवासी (23) विकाश कुमार, माधोपुर निवासी (28) लालबाबू कुमार, शाकमोहन निवासी (39) राजकुमार तथा नालंदा जिले के सिलाव थाना क्षेत्र के दुलारूवे बिगहा निवासी (23) पंकज कुमार के रूप में हुई है।एसडीपीओ रामकृष्ण ने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
इसके साथ ही इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दिया है। ड्सडीपीओ -1 ने बताया कि छापेमारी दल में हाथीदह पुअनि सह थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह, विशिष्ट आसूचना इकाई (पटना का टीम), हाथीदह पुअनि सुमन कुमार, पुअनि सुरेश प्रसाद चौधरी, पुअनि नीतू कुमारी, पुअनि मौसमी कुमारी एवं हाथीदह थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट