राजधानी पटना में मोकामा से JDU के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के आवास के पास संदिग्ध हालत में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के चेहरे पर चोट के गहरे जख्म पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस वहां आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि युवक और उसे वहां लाने वालों के बारे में पता चल सके। जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति ने फोन पर पुलिस को विधायक आवास के पास पुल के नीचे शव पड़े होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार आसपास के लोगों से पूछताछ के बावजूद अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जांच के दौरान भी मृतक युवक के पास से कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है। पुलिस इस मामले में पटना और आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट और अन्य रिकॉर्ड खंगाल रही है। अधिकारियों ने बताया कि मृतक की शिनाख्त करना सबसे पहली प्राथमिकता है। इसके लिए सोशल मीडिया और मीडिया और पुलिस नेटवर्क का सहारा लिया जा रहा है। यदि किसी थाने में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट से शव का मिलान होता है तो उसके परिजनों को सूचना दी जाएगी।
बताया जाता है कि यह शव सचिवालय थाना इलाके में मिला है। पुलिस ने कहा कि अभी किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाला जा रहा हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक वहां कैसे पहुंचा और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति था या नहीं। इसके अलावा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।