अरवल कलेर – “सबका सम्मान–जीवन आसान” अभियान के तहत कलेर प्रखंड के जयपुर में आयोजित सहयोग शिविर का जिला पदाधिकारी अरवल श्रीमती अमृषा बैंस ने निरीक्षण कर शिविर की व्यवस्थाओं एवं विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लिया।
उन्होंने शिविर में उपस्थित लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अनुभवों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना तथा आम नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुँचाने पर विशेष बल दिया। शिविर में सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला एवं बाल विकास, राशन कार्ड सहित विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी सेवाएँ उपलब्ध कराई गईं। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। यह सहयोग शिविर आम नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल साबित हो रहा है।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट