अरवल -प्रभारी मंत्री अरवल दीपक प्रकाश एवं जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस ने कलेर प्रखंड स्थित टेरी खेल मैदान का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं एवं खेल गतिविधियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान खेल मैदान में अतिक्रमण की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। प्रभारी मंत्री एवं जिला पदाधिकारी ने संबंधित अंचल पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि खेल मैदान को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई नियमानुसार शीघ्र सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों एवं युवाओं को खेल अभ्यास के लिए पर्याप्त एवं सुरक्षित स्थान उपलब्ध हो सके। प्रभारी मंत्री एवं जिला पदाधिकारी ने कलेर प्रखंड के टेरी खेल मैदान का निरीक्षण के क्रम में खेल मैदान परिसर में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया।
आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभाग को शीघ्र स्ट्रीट लाइट लगाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रकाश व्यवस्था से खिलाड़ियों को सुबह एवं शाम के समय भी सुरक्षित वातावरण में अभ्यास करने की सुविधा मिलेगी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि खेल मैदान युवाओं की प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इनकी सुरक्षा, स्वच्छता एवं आवश्यक सुविधाओं का विकास राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खेल मैदान के समुचित रखरखाव, साफ-सफाई एवं आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अतिक्रमण हटाने, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा खेल मैदान के समग्र विकास हेतु समयबद्ध कार्रवाई कर अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं ताकि स्थानीय खिलाड़ियों एवं आम नागरिकों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी के साथ अन्य उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट