मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 10 जुलाई को अपने आवास पर एनडीए के सभी घटक दलों की बड़ी बैठक बुलाई है। इस बैठक की खास बात यह है कि इसमें पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल होंगे। एनडीए सूत्रों के अनुसार सीएम आवास में आहूत इस बैठक में सम्राट चौधरी सरकार के कामकाज को लेकर चर्चा होगी और आगे की रणनीति तैयार होगी। बताया जाता है कि इसमें एनडीए के सभी घटक दलों के जिलाध्यक्ष भी भाग लेंगे। उनसे मिले फीडबैक के आधार पर ही सरकार के आगे के कामकाज की रुपरेखा बनेगी। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले होने वाली एनडीए की इस अहम बैठक का एक उद्देश्य घटक दलों के बीच एकजुटता दिखाना भी है।
एनडीए की 10 जुलाई को होने वाली महत्वपूर्ण बैठक के बारे में जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि एनडीए के पांचो घटक दलों के सभी जिला अध्यक्ष इस बैठक में मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बैठक होगी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इस बैठक में शामिल होंगे। इसमें सभी नेताओं से सरकार की योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी जाएगी। यदि कोई बदलाव का फीडबैक सामने आता है तो, उसके अनुसार सरकार कार्रवाई करेगी। संजय झा ने यह भी कहा कि एनडीए के पांचो दलों के बीच कोऑर्डिनेशन की कहीं से कोई समस्या नहीं है। आपसी समन्वय निचले स्तर तक हो, इसकी कोशिश होगी और सरकार के कामकाज पर भी चर्चा होगी।
एक सवाल के जवाब में जेडीयू कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने यह भी कहा कि देश संविधान के हिसाब से ही चलेगा। हम लोग तो संविधान मानने वाले लोग हैं। सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद पहली बार इस तरह की बैठक हो रही है जिसमें एनडीए के पांचों घटक दल बीजेपी, जेडीयू, लोजपा रामविलास, राष्ट्रीय लोक मोर्चा और हम पार्टी के बड़े नेताओं के साथ जिला अध्यक्ष तक इस बैठक में मौजूद रहेंगे। यह बैठक वैसे समय में होने जा रही है जब बांकीपुर विधानसभा का उपचुनाव होने जा रहा है। माना जा रहा है कि 10 जुलाई को होने वाली एनडीए की बैठक में उम्मीदवार चयन और प्रचार की रणनीति पर गहन विचार-विमर्श भी होगा।