गया : बिहार के गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में हुए रोशन कुमार उर्फ रॉकेट हत्याकांड का पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध (detain) किया गया है। हत्याकांड की वजह प्रेम प्रसंग और ब्लैकमेलिंग से जुड़ा विवाद सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, बीती 4 जुलाई की सुबह वजीरगंज थाना के पुनावां गांव स्थित पहाड़ी के पीछे से पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया था। मृतक की पहचान बुनियादीगंज थाना क्षेत्र के हेड मानपुर निवासी रोशन कुमार (पेशा- ड्राइवर) के रूप में हुई थी। रोशन की हत्या रस्सी से बांधकर, बेरहमी से मारपीट करने के बाद गला घोंटकर की गई थी। मृतक के पिता की लिखित शिकायत पर वजीरगंज थाना में कांड संख्या 383/26 दर्ज कर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी थी।
एसएसपी सुशील कुमार के मुताबिक, हत्याकांड के पीछे त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग का मामला है। रोशन का एक युवती के साथ पुराना प्रेम प्रसंग था। युवती की शादी हो जाने के बाद भी रोशन उसे पुराने फोटो और वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल कर रहा था और लगातार संबंध बनाए रखने का दबाव डाल रहा था। परिजनों और युवती द्वारा कई बार समझाने के बावजूद जब रोशन नहीं माना, तो आरोपियों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
बता दें कि एसएसपी द्वारा गठित विशेष टीम ने आसूचना संकलन और तकनीकी अनुसंधान की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों (सावन कुमार और शुभम कुमार) को दबोच लिया। पुलिस ने घटना को अंजाम देने में इस्तेमाल की गई चार पहिया वाहन को भी जब्त कर लिया है। आरोपियों ने पुलिस के सामने अपना जुर्म भी कबूल लिया है। उन्होंने बताया कि उनके रिश्तेदार की लड़की को रोशन लगातार प्रताड़ित कर रहा था, जिससे तंग आकर उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।